नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र के ग्राम सुवाखेड़ा के पास रविवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शुभम पिता जगदीश माली, निवासी तारापुर एवं हाल मुकाम चौधरी मोहल्ला नीमच सिटी, रविवार को जावद से नीमच की ओर बाइक से लौट रहा था। शाम करीब 7.30 बजे सुवाखेड़ा के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा। आसपास सुनसान होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी, लेकिन सुवाखेड़ा की नई आबादी क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंचे और उसे एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के हर पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर फैल गई है।
