मंदसौर। गरोठ-भानपुरा रोड स्थित दुधाखेड़ी चौराहे पर ग्रामीणों ने हत्या के एक मामले को लेकर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार मामला एक युवक की हत्या से जुड़ा बताया जा रहा है। भानपुरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इस घटना में एक से अधिक लोग शामिल हैं, जिन पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए तथा उनके मकानों पर भी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित रहे।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एवं तहसीलदार विनोद शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। तहसीलदार ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान समाज के जिलाध्यक्ष भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। फिलहाल प्रदर्शन जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।