चित्तौड़गढ़। गंगरार तहसील सहित जिलेभर में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पुठोली, सुवानिया, चौगावाड़ी, गोवलिया, लालास, आजोलिया का खेड़ा, कुंवालिया, तुंबडिया, साडास, रघुनाथपुरा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में 14 अप्रैल को बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठकें अनुजदास महाराज (मुंगाना धाम) के सानिध्य में संपन्न हुईं, जिनमें संतों, गोभक्तों एवं गोसेवकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यह अभियान किसी संस्था, संगठन या राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि गौमाता और नंदी बाबा के सानिध्य में संचालित किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित संतों एवं गोसेवकों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करवाना तथा गोसंवर्धन संस्कृति के संरक्षण हेतु ठोस नीतियां बनवाना है।
अभियान के तहत प्रत्येक तहसील स्तर पर संतों के सानिध्य में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार से गौ रक्षा हेतु सख्त कानून बनाने, गोहत्या एवं गोतस्करी में लिप्त लोगों पर कठोर दंड देने सहित अन्य मांगें रखी जाएंगी।
जिला संयोजक गौरव सोमानी ने बताया कि यह अभियान पूर्णतः अहिंसक रहेगा। इसमें किसी प्रकार का भाषण, मंचीय कार्यक्रम या राजनीतिक गतिविधि नहीं होगी। संकीर्तन, प्रार्थना एवं जनजागरण के माध्यम से संदेश दिया जाएगा। अभियान का प्रतीक केवल गौमाता एवं नंदी महाराज का चित्र रहेगा।