नीमच। जिले से सटे ग्राम धनेरिया कला में मां भैंसा श्री माता मंदिर प्रांगण में समस्त ग्रामवासियों द्वारा गांव में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना को लेकर हवन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालाजी महाराज मंदिर परिसर एवं समीप स्थित श्री नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने हवन कुंड में आस्था के साथ जुड़ा एक विशेष अनुभव महसूस करने का दावा किया, जिसे लेकर गांव में श्रद्धा और आस्था का वातावरण देखा गया।
ग्रामीणों के अनुसार हवन की आहुति के दौरान उन्हें हवन कुंड में श्री नागचंद्रेश्वर महादेव के दर्शन होने जैसे भावपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए। इसे ग्रामीणों द्वारा एक चमत्कारिक घटना के रूप में देखा जा रहा है।
इस संबंध में गांव के निवासी देवीलाल पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरा आयोजन गांव में सुख-शांति और कल्याण की भावना से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद गांव में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।