नीमच। तहसील छोटीसादड़ी के ग्राम खेरमालिया में समस्त ग्रामवासी एवं मेनारिया परिवार के तत्वावधान में श्री सीताराम-लक्ष्मण एवं साम्बशिवादि मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन 25 अप्रैल 2026, शनिवार से 29 अप्रैल 2026, बुधवार तक संपन्न होगा।
महोत्सव को लेकर गांव में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व श्री राम जानकी मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यों के लिए बोलियां आयोजित की गईं, जिनमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी आस्था व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम प्रधान शिखर कलश के लिए जसवंत एवं राधेश्याम द्वारा 3 लाख 51 हजार रुपये की बोली लगाई गई। घी जजमान के रूप में लक्ष्मीचंद एवं पन्ना लाल ने 1 लाख 21 हजार रुपये की राशि अर्पित की। द्वितीय मध्यम शिखर कलश के लिए जगदीश एवं छगनलाल द्वारा 71 हजार 500 रुपये, जबकि तृतीय छोटा शिखर कलश के लिए भेरुलाल एवं शंकरलाल द्वारा 65 हजार रुपये की बोली लगाई गई।
चतुर्थ गर्भगृह कलश हेतु भेरुलाल एवं फकीरलाल ने 1 लाख 1 रुपये की राशि समर्पित की। शिव मंदिर कलश के लिए बालमुकुंद एवं केवलराम ने 71 हजार 500 रुपये की बोली लगाई। वहीं बालाजी धाम मंदिर के प्रधान शिखर कलश के लिए ऋषि कुमार एवं फतेहलाल द्वारा 61 हजार 1 रुपये तथा छोटे शिखर कलश के लिए पुष्करलाल एवं मांगीलाल द्वारा 25 हजार रुपये अर्पित किए गए।
इसके अलावा राम जानकी मंदिर की धर्म ध्वजा के लिए लक्ष्मी नारायण एवं शंकरलाल ने 92 हजार रुपये तथा बालाजी धाम मंदिर की धर्म ध्वजा के लिए घनश्याम एवं गेहरीलाल ने 22 हजार 100 रुपये की बोली लगाई।
आयोजकों ने बताया कि बालाजी धाम मंदिर में कलश एवं धर्म ध्वजा चढ़ाने के बाद शेष बची राशि को श्री राम जानकी मंदिर फंड में सम्मिलित किया जाएगा, जो सराहनीय पहल है।
ग्राम खेरमालिया में आयोजित यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामवासियों की एकजुटता और समर्पण की भी मिसाल पेश करता है।
