मनासा। परशुराम सेना मनासा के तत्वावधान में 19 अप्रैल को ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर परशुराम सेना की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
परशुराम सेना अध्यक्ष मोहित जोशी ने बताया कि दोपहर 3 बजे राजराजेश्वर भगवान परशुराम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे।
इसके पश्चात शाम 4 बजे ब्राह्मण समाज धर्मशाला से भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः धर्मशाला पहुंचेगा। चल समारोह में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।
समारोह के समापन पर धर्मशाला परिसर में अतिथियों एवं वरिष्ठजनों के संबोधन होंगे, जिनमें भगवान परशुराम के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके बाद समाजजनों के लिए सहभोज का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। निमंत्रण पत्रों का वितरण किया जा रहा है तथा युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों का लक्ष्य इस कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाना है।