उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के भस्म आरती के दौरान फिल्म अभिनेता मिलिंद सोमन और क्रिकेटर नितीश राणा ने भगवान महाकाल के दर्शन किए।
दोनों सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
रात 2 बजे पहुंचे मंदिर, नंदी हॉल में बैठे
नितीश राणा अपनी पत्नी साँची मारवाह के साथ, जबकि मिलिंद सोमन पत्नी अंकिता कोंवर के साथ रात करीब 2 बजे मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती में हिस्सा लिया।
भस्म आरती के दौरान दोनों भगवान महाकाल का जाप करते नजर आए। उन्होंने नंदी जी का पूजन कर उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही।
आरती के बाद सभी ने भगवान की देहरी से दर्शन किए और जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान महाकाल मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
मिलिंद सोमन बोले- बाबा का बुलावा आया
मिलिंद सोमन ने कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा। वे कई सालों से महाकाल दर्शन का विचार कर रहे थे, लेकिन अब बाबा का बुलावा आया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की भी यहां आने की इच्छा थी, जो आज पूरी हुई।