नीमच। जिला सेन समाज संगठन द्वारा सेन जयंती महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। समाज के आराध्य संत की 726वीं जयंती के अवसर पर दिनभर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्री नारायणी माता मंदिर से भव्य वाहन रैली के साथ हुई। डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई योजना क्रमांक 36 स्थित सेन वाटिका पहुंची, जहां समाजजनों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इसके पश्चात महाप्रसादी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। दोपहर बाद आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
सेन जयंती महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंदेश सेन ने आयोजन की सफलता पर सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया।