नीमच। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मिले निर्देशों के बाद यातायात पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर व टीम ने शहर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान काली फिल्म लगे 10 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 3000 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में परिजनों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी गई और आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 44 चालान बनाकर 15,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
वाहन चालकों को किया जागरूक-
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।
यातायात पुलिस की अपील-
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, स्टंटबाजी से बचें, नाबालिगों को वाहन न चलाने दें, चारपहिया वाहनों पर काली फिल्म न लगाएं तथा नियमों का पालन करें, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।