नीमच। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर नीमच में मंगलवार को भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। शहर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और बाबा साहब के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
सुबह टाउन हॉल से डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ विशाल रैली निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन अजाक्स, नाजी संगठन, जस भीम आर्मी, युवा छात्र संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रैली दशहरा मैदान, लायंस पार्क चौराहा, विजय टॉकीज, कमल चौक एवं फव्वारा चौक होते हुए शोरूम चौराहे स्थित डॉ. अंबेडकर सर्कल पहुंची।
मार्ग में कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया गया। रैली में सुसज्जित वाहनों पर डॉ. अंबेडकर का आदमकद चित्र, उनके जीवन पर आधारित झांकियां एवं ढोल-नगाड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
डॉ. अंबेडकर सर्कल पहुंचकर रैली एक विशाल भीम सभा में परिवर्तित हो गई, जहां आयोजित मुख्य समारोह में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा यातायात एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
यह आयोजन बाबा साहब के प्रति जनआस्था का प्रतीक होने के साथ ही सामाजिक एकता, जागरूकता और समानता के संदेश को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने में सफल रहा।