मनासा। सेन जयंती के अवसर पर सेन समाज द्वारा नगर में भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। चल समारोह में रथ पर सेन समाज के आराध्य देव संत शिरोमणि सेन जी महाराज की भव्य प्रतिमा (तस्वीर स्वरूप) स्थापित की गई।
सेन समाज तहसील मनासा के तत्वावधान में यह चल समारोह प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दोपहर 4 बजे रघुनाथ मंदिर, अनुपपुरा गली से प्रारंभ हुआ। यह जुलूस नानक साईं की इमली, खडाखेड़ गली, सदर बाजार, बड़ा मंदिर, अनुपपुरा गली एवं श्मशान घाट रोड होते हुए सेन समाज की धर्मशाला तक पहुँचा।
चल समारोह में समाजजन बैंड-बाजे एवं ढोल-नगाड़ों की धुन पर भजन-गीतों के साथ नृत्य करते हुए चल रहे थे। पुरुषों ने सफेद कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं ने लाल साड़ी धारण की थी।
धर्मशाला (श्मशान घाट) पहुँचने पर समाज के पदाधिकारियों द्वारा समाजजनों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सेन समाज के वरिष्ठ दीपक गेहलोत, तहसील अध्यक्ष दशरथ सेन, केश शिल्पी संघ तहसील अध्यक्ष सुनील सेन, तहसील युवा अध्यक्ष दिनेश खिंची, नगर अध्यक्ष जगदीश बौराना, नगर युवा अध्यक्ष राहुल सोलंकी, धर्मशाला अध्यक्ष प्रहलाद खिंची, किशोर सेन, गौरव सेन, मनोज राठौर (सेन), प्रवीण गेहलोत सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।