नीमच। भीषण गर्मी के बीच सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए अग्र शिखा महिला क्लब, छावनी नीमच द्वारा “जल मंदिर” शीतल जल सेवा प्याऊ का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन अग्रवाल समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल एवं सचिव अशोक मंगल के सानिध्य में प्रातः सब्जी मंडी स्थित शारदा मंदिर के समीप संपन्न हुआ।
क्लब की पदाधिकारियों ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में ठंडे पेयजल की व्यवस्था आमजन के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इसी उद्देश्य से इस प्याऊ की स्थापना की गई है, जिससे राहगीरों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को सहज रूप से शीतल जल उपलब्ध हो सके।
अग्र शिखा महिला क्लब द्वारा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य संचालित किए जाते रहे हैं। “जल मंदिर” भी इसी सेवा भाव का प्रतीक है, जो मानवता के प्रति समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।