नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत नीमच में प्रमुखजन गोष्ठी एवं मातृ शक्ति गोष्ठी का आयोजन 20 अप्रैल को किया जाएगा।
इस अवसर पर संघ के पूर्व अखिल भारतीय सरकार्यवाह भैया जी जोशी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस आशय की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक अनिल जैन ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत संघ ने समाज की सृजन शक्ति को साथ लेकर विश्व पटल पर आदर्श प्रस्तुत करने वाला सशक्त, समर्थ, संगठित एवं समृद्ध भारत निर्माण करने का संकल्प लिया है।
इसी उद्देश्य के तहत समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली महानुभावों से संवाद स्थापित करने के लिए नीमच में प्रमुखजन गोष्ठी एवं मातृ शक्ति गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
नीमच के टाउन हॉल में 20 अप्रैल को दोपहर 12.30 बजे से मातृ शक्ति गोष्ठी तथा सायं 4 बजे से प्रमुखजन गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें भैया जी जोशी मार्गदर्शन देंगे।