गरोठ। तहसील गरोठ के ग्राम कोटडा बुजुर्ग में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते गुरुवार रात एक किसान की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम के किसान रामदयाल पिता रामबिलास पाटीदार के खेत से गुजर रही जर्जर बिजली लाइन में स्पार्किंग होने से चिंगारी खेत में गिर गई। इससे करीब डेढ़ बीघा में खड़ी पकी हुई गेहूं की फसल में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई-
पीड़ित किसान रामदयाल ने बताया कि खेत से गुजर रही बिजली लाइन लंबे समय से खराब हालत में थी। इसे ठीक कराने के लिए उन्होंने कई बार बिजली विभाग को मौखिक व फोन पर शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार रात अचानक तारों में स्पार्किंग हुई और चिंगारी गिरने से फसल में आग लग गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के खंभे झुके हुए हैं और तार लटक रहे हैं। विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन सुधार कार्य नजर नहीं आता। हल्की आंधी या हवा चलने पर भी लाइन फॉल्ट हो जाती है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पंचनामा तैयार, मुआवजे की मांग-
घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का आकलन कर पंचनामा तैयार किया। ग्रामीणों एवं किसान ने शासन-प्रशासन से पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
