नीमच। बढ़ते प्रदूषण एवं पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी द्वारा “मेरी थैली-मेरी सहेली” अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शुक्रवार को सब्जी मार्केट के मुख्य द्वार पर 300 कपड़े की थैलियों का निःशुल्क वितरण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। यह आयोजन संस्था की अध्यक्ष रज़िया अहमद के सौजन्य से उनके ससुर की पुण्यतिथि के अवसर पर सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ।
इस दौरान सब्जी खरीदने पहुंचे लोगों को कपड़े की थैलियां वितरित कर प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने आमजन से अपील की कि वे बाजार आते समय अपनी थैली साथ लाने की आदत डालें और पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करें।
इस अवसर पर पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य सूरजमल अग्रवाल, मनोहरलाल बंम, महावीर प्रवाह के संपादक के.के. जैन, महिला सशक्तिकरण की डिप्टी डायरेक्टर आशा सांभर, महावीर इंटरनेशनल केंद्र अध्यक्ष प्रदीप धाकड़, कोषाध्यक्ष प्रियंका पितलिया, माया वीरवाल, हरीश उपाध्याय सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विशेष अतिथि अखिल भारतीय मारवाड़ी क्लब की महिला प्रमुख विधा त्रिवेदी एवं कोषाध्यक्ष अलका गोयल रहीं। अंत में प्रियंका पितलिया ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।