नीमच। कथित जिहादी घटनाओं एवं लव जिहाद के विरोध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेतृत्व में भारत माता चौराहे पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
विहिप पदाधिकारी अनुपाल सिंह झाला ने कहा कि देशभर में इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के अमरावती क्षेत्र एवं नीमच जिले के पड़दा गांव की हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा और नीमच में एसपी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
वक्ताओं ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया और सभी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।