नीमच। सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जहां कार की टेस्ट ड्राइव के दौरान तेज रफ्तार वाहन कंटेनर से जा भिड़ा। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मनासा निवासी मंगलदास (38) पिता सालिगराम बैरागी एवं चल्दु निवासी कारूलाल (39) पिता भंवरलाल कारपेंटर, जमुनिया कला स्थित बोरदिया मोटर्स शोरूम से फोर्स गोरखा वाहन की टेस्ट ड्राइव के लिए निकले थे। इसी दौरान महू-नीमच रोड स्थित भाटखेड़ा फंटे के पास उनकी कार सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति का हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से घायल हुआ।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
