नीमच। कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यार्थियों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन हेतु राठौर कोचिंग क्लासेज द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की एक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जो खाटू श्याम बाबा मंदिर पहुंची। मंदिर में विद्यार्थियों ने दर्शन कर अपनी सफलता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, लगन तथा स्कूल व कोचिंग शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
कोचिंग संचालक जनक राठौर ने बताया कि लगातार दो वर्षों से संस्थान के विद्यार्थी राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बना रहे हैं। इस वर्ष संस्थान की छात्रा मंतशा गौरी ने कक्षा 10वीं की प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 10 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की गई। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।