कंजार्डा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खेड़ाबाराजी में अमावस्या के पावन अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं आदिवासी श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिसकी छटा देखते ही बन रही थी।
मेले का मुख्य आकर्षण भगवान वराह की भव्य शोभायात्रा रही। मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों एवं भजनों की गूंज के बीच गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन होकर भजनों पर झूमते नजर आए। शोभायात्रा का समापन पुनः मंदिर पहुंचकर महाआरती के साथ हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने भी मेले में पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक की उपस्थिति से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मेले में लगी विभिन्न दुकानों पर ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की। पारंपरिक कलाकृतियों एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बाजार में विशेष रौनक रही।
इस दौरान ग्रामीणों एवं प्रबुद्धजनों ने विधायक के समक्ष खेड़ाबाराजी को ‘पूर्णकालिक पर्यटन स्थल’ के रूप में विकसित करने की मांग रखी। विधायक ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र के विकास हेतु हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
देर शाम तक चले इस मेले में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।