नीमच। आराध्य देव भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में दो दिवसीय कार्यक्रम का शनिवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। यह आयोजन सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, सकल ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ एवं परशुराम मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम दिन परशुराम मंदिर परिसर में महिला प्रकोष्ठ द्वारा चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 30 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता चार आयु वर्गोंकृ6 वर्ष तक, 7 से 12 वर्ष, 13 से 18 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिककृमें आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से अपनी कला एवं सांस्कृतिक भावनाओं को सजीव रूप दिया। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारी मधु चतुर्वेदी ने बताया कि प्रत्येक वर्ग में तीन-तीन श्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
आज शाम 4 बजे से टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें भक्ति संगीत, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
आयोजन के दूसरे दिन 19 अप्रैल को प्रातः 5 बजे भगवान परशुराम का अभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गांधी वाटिका स्थित रतन देवी मांगलिक भवन पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।