नीमच। ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को जूनियर विंग के नन्हें-मुन्ने बच्चों के लिए आकर्षक पूल पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गर्मी से राहत के बीच जमकर मौज-मस्ती की।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनोरंजक गीतों की धुन पर रेन डांस की शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। इसके बाद बच्चों ने चिप्स, फ्रूटी सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
पूल एरिया को रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडियों से सजाया गया था, जिसने उत्सव जैसा वातावरण बना दिया। छोटे-छोटे बच्चे आकर्षक स्विमसूट में सजे-धजे पूल पार्टी में पहुंचे और एक-दूसरे पर पानी की बौछारें कर खुशियां साझा कीं। उनकी चंचल हरकतों ने पूरे कार्यक्रम में सकारात्मक ऊर्जा भर दी।
इस अवसर पर बच्चों को गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के टिप्स भी दिए गए। साथ ही उन्हें तेज धूप में बाहर न निकलने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय की निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों से पहले इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्री-प्राइमरी विंग की शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।