नीमच। सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, नीमच द्वारा आयोजित भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव का 11वां द्वि-दिवसीय समारोह शनिवार को अत्यंत भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में प्रारंभ हुआ। टाउन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता की सजीव झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में लोकगीत, राष्ट्रीय भक्ति गीत, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, श्लोक पाठ एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे सभागार उत्साह और गौरव की भावना से भर गया। बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।
इस आयोजन में सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, श्री परशुराम महादेव मंदिर एवं महिला प्रकोष्ठ की सक्रिय भूमिका रही।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव को लेकर समाज में विशेष उत्साह व्याप्त है। इसी क्रम में आज शाम भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। यह शोभायात्रा परशुराम मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रतन देवी मांगलिक भवन पर संपन्न होगी।
इसके साथ ही प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।