नीमच। रविवार को इनरव्हील क्लब और गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला अंधत्व निवारण समिति के सहयोग एवं प्रशासनिक अनुमति से किया गया।
गोमाबाई नेत्रालय परिसर में आयोजित इस शिविर में शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों की गहन जांच कर दृष्टिदोष, मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, रेटिना एवं अन्य नेत्र रोगों का निःशुल्क परीक्षण किया।
जांच के दौरान जिन मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया, उनके ऑपरेशन लेंस प्रत्यारोपण सहित निर्धारित तिथियों पर निःशुल्क किए जाएंगे। शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों के साथ चश्मे भी वितरित किए गए।
शिविर संयोजक मुकेश मेहता ने बताया कि जटिल नेत्र रोगों से ग्रसित मरीजों को उपचार हेतु मार्गदर्शन भी दिया गया तथा आवश्यक ऑपरेशनों पर विशेष छूट का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्य प्रेरणा शर्मा ने इनरव्हील प्रार्थना का वाचन किया, जबकि हेमा त्रिवेदी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अलका चड्ढा, उषा सचदेवा, सिम्मी सलूजा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में नेत्रालय के चिकित्सकों एवं स्टाफ का विशेष योगदान रहा।