नीमच। पावन पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर की बृज नगरी ग्वालटोली स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में श्री चन्द्रवंशी ग्वाला-गवली समाज द्वारा 8वां भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
इस आयोजन में एक तुलसी विवाह सहित कुल 26 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। पूरे परिसर में मंगल गीतों, शुभकामनाओं और उत्साह का माहौल बना रहा।
सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर रौनक देखने को मिली। बिंदोरी, टीका और बारात स्वागत जैसे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं। सुबह करीब 11 बजे धूमधाम से बिंदोरी निकाली गई, जिसमें दूल्हे घोड़ियों पर और दुल्हनें सजी-धजी बग्गियों में सवार नजर आईं। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर बाराती झूमते रहे।
दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधुओं ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और राजस्थान से आए हजारों समाजजनों ने सहभागिता कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।
आयोजन समिति द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को कपड़े, गहने एवं घरेलू उपयोग की सामग्री भेंट की गई, जिससे उनके नए जीवन की सुखद शुरुआत हो सके।
समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और नवयुवक मंडल के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सामूहिक विवाह की परंपरा को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।