कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर में भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
प्रातः 9 बजे सारस्वत ब्राह्मण मंदिर से भगवान परशुराम की सुसज्जित प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच महिलाएं, पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गोंकृब्राह्मण मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, गढ़िया मंदिर, रंगरा चौक, तमोली मोहल्ला, सदर बाजार, मुखर्जी चौक और बस स्टैंड से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा आरती-पूजन किया।
शोभायात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में भगवान परशुराम की महाआरती की गई और प्रसादी का वितरण हुआ।
इस अवसर पर समाजजनों ने भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने, धर्म और न्याय की रक्षा करने तथा समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।