मनासा। भगवान श्री परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा मनासा नगर में भव्य चल समारोह का आयोजन हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ किया गया। पूरे शहर में “जय परशुराम” के जयघोष गूंजते रहे और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
चल समारोह का शुभारंभ ब्राह्मण धर्मशाला से हुआ, जो सब्जी मंडी, अल्हेड़ गेट, जबरेश्वर महादेव मंदिर, मुरली मंदिर, इमली बाग और जुनसाथ मार्ग से होकर पुनः धर्मशाला पहुंचा। जुलूस में सजी-धजी खुली जीप में भगवान परशुराम की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह में युवाओं ने पारंपरिक अखाड़ों के माध्यम से शौर्य प्रदर्शन किया, वहीं आकर्षक झांकियों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया।
धर्मशाला पहुंचने पर भगवान परशुराम की महाआरती की गई। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष मोहित जोशी ने आयोजन की सराहना की, वहीं अजय तिवारी ने समाज में एकता और संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन सह-भोज के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।