नीमच। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव शहर में श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह का आयोजन सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, महिला प्रकोष्ठ और परशुराम मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह अभिषेक और आरती से हुई। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शाम को महाआरती के पश्चात परशुराम मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गांधी वाटिका स्थित रतनदेवी मांगलिक भवन पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
समापन अवसर पर आयोजित महाप्रसादी में बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया।