छतरपुर। अपनी 15 दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा पूर्ण कर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर महाराज खजुराहो एयरपोर्ट पहुँचे। जैसे ही वे अपनी पावन बुंदेलखंड की धरती पर उतरे, "भारत माता की जय" के गगनभेदी उद्घोष के साथ उन्होंने मातृभूमि को नमन किया। एयरपोर्ट पर बागेश्वर महाराज का भव्य स्वागत पुष्पमालाओं के साथ किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में उनके अनुयायी और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें अपार उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। बागेश्वर महाराज ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न शहरों में सनातन धर्म का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। Sydney Opera House तथा Parliament of New South Wales जैसे प्रतिष्ठित स्थलों पर उनके प्रेरणादायक उद्बोधनों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों का गौरव बढ़ाया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में रह रहे सनातन धर्मावलंबियों ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें विभिन्न स्थानों पर सम्मानित भी किया गया। अपनी यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बागेश्वर महाराज ने इसे अत्यंत सफल, प्रेरणादायक और संतोषजनक बताया।