नीमच से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अग्रवाल समाज के आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान सचिव अशोक मंगल ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। यह चुनाव 26 अप्रैल 2026 को अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी में आयोजित किया जाएगा।
इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है, क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश बंसल और सचिव अशोक मंगल आमने-सामने नजर आ रहे हैं। ओमप्रकाश बंसल पिछले कई वर्षों से अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं, लेकिन इस बार समाज में बदलाव की मांग भी तेज होती दिख रही है।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, समाज का युवा वर्ग और कई सदस्य नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में नजर आ रहे हैं, जिससे चुनाव और भी रोचक हो गया है। हालांकि, समाज के वरिष्ठजन अब भी निर्विरोध चुनाव कराने की कोशिश में जुटे हुए हैं, ताकि समाज में एकता बनी रहे और नई परंपरा कायम हो सके।
वहीं, संभावना जताई जा रही है कि अंतिम तिथि तक कुछ और उम्मीदवार भी मैदान में उतर सकते हैं। फिलहाल, दोनों प्रमुख प्रत्याशी समाज के सदस्यों से लगातार संपर्क साध रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।
अब सभी की नजरें 26 अप्रैल पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि अग्रवाल समाज को नया नेतृत्व मिलता है या फिर अनुभव को ही दोबारा मौका दिया जाता है।