नीमच। मालवा के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत बाबा शहाबुद्दीन (र.अ.) का 131वां राष्ट्रीय कौमी एकता उर्स नीमच सिटी रोड स्थित दरगाह पर 21 से 24 अप्रैल तक श्रद्धा और शानो-शौकत के साथ मनाया जा रहा है।
सदर मुन्ना दुर्रानी ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स का शुभारंभ 21 अप्रैल को सुबह 9 बजे परचम कुशाई, कुरान ख्वानी, मिलाद ख्वानी एवं तकरीर के साथ हुआ। कार्यक्रम मौलाना शोएब बरकाती की सदारत में आयोजित किया गया।
उर्स के तहत 22 अप्रैल को नमाज-ए-ईशा के बाद महफिल-ए-कव्वाली का आयोजन होगा, जिसमें कव्वाल जुबेर साबरी (रामपुर, उत्तर प्रदेश) एवं इकबाल रमजान फरीदी (जावरा) अपने कलाम पेश करेंगे।
23 अप्रैल को कमर वारसी (देवा शरीफ) और निसार एहसान चिश्ती (चित्तौड़) कव्वाल पार्टी प्रस्तुति देंगी।
वहीं 24 अप्रैल को नमाज-ए-ईशा के बाद निसार एहसान चिश्ती (चित्तौड़गढ़) एवं कमर वारसी (देवा शरीफ, लखनऊ) सहित देश की प्रसिद्ध कव्वाल पार्टियां सूफियाना कलाम पेश करेंगी। इसके पश्चात कुल की रस्म अदा की जाएगी।
इस अवसर पर खजांची मो. जाहिद कादरी, सेक्रेट्री वसीम कुरैशी, हमीद कादरी, जाकिर कुरैशी, आरिफ भाई, ठेकेदार इम्तियाज, शाहरुख भाई, दरगाह खिदमतगुजार फरीद उर्फ मुन्ना भाई तथा चिराग मस्जिद के हाफिज शोएब बरकाती सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने नीमच शहर एवं आसपास के जायरीन से उर्स में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।