चित्तौड़गढ़। जिले में स्थित श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर के दान भंडार की गणना में इस बार भी श्रद्धालुओं की आस्था खुलकर सामने आई है। मंगलवार को चौथे राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद कुल दानराशि 31 करोड़ 1 लाख 63 हजार रुपए तक पहुंच गई है।
वैशाख मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए भंडार में हर चरण के साथ राशि लगातार बढ़ती जा रही है। इससे पहले तीसरे चरण तक 27 करोड़ 22 लाख 86 हजार रुपए की गिनती पूरी हो चुकी थी।
मंगलवार को हुए चौथे राउंड में 3 करोड़ 78 लाख 77 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि सामने आई, जिसके बाद कुल आंकड़ा 31 करोड़ पार पहुंच गया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार अभी अंतिम चरण की गणना शेष है, जिसमें सोने-चांदी के गहनों का वजन और मूल्यांकन किया जाएगा, साथ ही चिल्लर और शेष नकदी की भी गिनती होगी। इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त दान को भी अंतिम आंकड़े में जोड़ा जाएगा।
अनुमान है कि पांचवें और अंतिम राउंड के बाद कुल दानराशि में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जो हर वर्ष की तरह इस बार भी नया रिकॉर्ड बना सकती है।