चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में अंतर सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्राचार्य कर्नल जसरोटिया रहे, जिनका स्वागत सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने किया।
जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ सदनों की टीमों ने भाग लिया। कक्षा 7वीं से 11वीं तक के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
जूनियर वर्ग के सेमीफाइनल में लव हाउस ने जयमल हाउस को तथा बादल हाउस ने कुश हाउस को हराया। वहीं सीनियर वर्ग के सेमीफाइनल में लव हाउस ने सांगा हाउस को और कुम्भा हाउस ने बादल हाउस को पराजित किया।
फाइनल मुकाबलों में जूनियर वर्ग में लव हाउस ने बादल हाउस को हराकर खिताब अपने नाम किया, जबकि सीनियर वर्ग में लव हाउस ने कुम्भा हाउस को हराकर विजय हासिल की।
कुल परिणाम में लव हाउस प्रथम, बादल हाउस द्वितीय एवं कुम्भा हाउस तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में लव हाउस के कैडेट दिलकुश चौधरी को बेस्ट प्लेयर तथा सीनियर वर्ग में कैडेट गौरव जाखड़ को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
प्रतियोगिता के संयोजक जयपाल सिंह शेखावत रहे, जबकि रेफरी की भूमिका पीटीआई हवलदार एम. नवीन कुमार ने निभाई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का विकास करते हैं। उन्होंने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर बधाई दी।