पिपलियामंडी। नगर की व्यस्त चोपाटी क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक सवारी बस और ट्रक के बीच हल्की भिड़ंत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बस चालक ने सवारियां बैठाने के लिए अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होने की स्थिति में पहुंच गया। हालांकि ट्रक चालक ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे केवल हल्की टक्कर हुई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। नागरिकों ने बताया कि चोपाटी क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही आम हो गई है, जहां बस चालक सवारियों के लिए अचानक वाहन रोक देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि ट्रक चालक समय पर ब्रेक नहीं लगाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था और कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। इस घटना ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सख्त यातायात नियम लागू किए जाएं, बसों के लिए निर्धारित स्टॉप तय किए जाएं और लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।