नीमच। गौ माता के सम्मान और संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “गो माता का सम्मान, आह्वान अभियान” के तहत जिले में जनजागरण का माहौल बनता जा रहा है। शहर के भारत माता चौराहा पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में गौ सेवकों, गौ रक्षकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने हस्ताक्षर किए।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार यह मुहिम पिछले पांच महीनों से देशभर में चल रही है और भारत की प्रत्येक तहसील तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, बल्कि संतों के मार्गदर्शन एवं नंदी बाबा की अध्यक्षता में एक जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है।
आगामी 27 अप्रैल को देश की 5,410 तहसीलों में एक साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसी क्रम में नीमच जिले की सभी छह तहसीलों में पिछले तीन महीनों से गांव-गांव और शहर-शहर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अब तक हजारों लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित किए जा चुके हैं, जिन्हें ज्ञापन के साथ संलग्न किया जाएगा। प्रमुख मांगों में गौ माता को उचित संरक्षण एवं अनुदान, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा देने की मांग शामिल है।
नीमच तहसील में ही अब तक 10 हजार से अधिक हस्ताक्षर हो चुके हैं और यह अभियान निरंतर जारी है।