चित्तौड़गढ़। बैशाख सुदी अष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 24 अप्रैल को चित्तौड़गढ़ का स्थापना दिवस ‘चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति’ के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया जाएगा। समिति के अमन गौड़ ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रातः कालिका माता मंदिर में विशाल ध्वजा चढ़ाई जाएगी तथा यज्ञ एवं हवन का आयोजन होगा।
शाम को सुभाष चौक पर ‘जय चित्तौड़, जय मेवाड़’ लिखकर रंगोली बनाई जाएगी, जिस पर दीपदान किया जाएगा। कालिका माता, एकलिंगनाथ जी सहित महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात भव्य आतिशबाजी के साथ प्रसाद एवं मिठाई वितरित कर कार्यक्रम का समापन होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे। साथ ही किला रोड पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु परिण्डे भी बांधे जाएंगे।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश नाहटा ने बताया कि चित्तौड़ी आठम महोत्सव पिछले 19 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है, जिसमें सभी वर्गों एवं संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहती है।
उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य सदैव चित्तौड़गढ़ के सभी नागरिकों को एक मंच पर लाकर इस आयोजन को सफल बनाना रहा है।