चित्तौड़गढ़। चित्तौड़ी आठम महोत्सव समिति के तत्वावधान में शुक्रवार सुबह दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर पर विशाल ध्वजा चढ़ाई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
कुलदीप पारीक ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के स्थापना दिवस एवं कालिका माता मंदिर पाटोत्सव तिथि ‘चित्तौड़ी आठम’ के अवसर पर श्रद्धालु विशाल ध्वजा लेकर दुर्ग स्थित मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नई ध्वजा चढ़ाई गई।
महंत रामनारायण पुरी एवं महंत लालसिंह के सानिध्य में पंडित अरविंद भट्ट द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन सम्पन्न कराया गया। हवन में अच्छी वर्षा, धन-धान्य की वृद्धि, रोगों से मुक्ति एवं सभी के सुखद जीवन की कामना की गई। अंत में आरती कर प्रसाद वितरण किया गया तथा “जय चित्तौड़, जय मेवाड़” के जयघोष लगाए गए।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।