नीमच। जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत अड़मालिया-पालसोड़ा मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अड़मालिया निवासी लोकेश पिता नंदकिशोर सेन अपने साथियों विशाल एवं मनीष के साथ कार से पालसोड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गया। हादसे में लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल और मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार एवं नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।