ग्वालियर। उपनगर मुरार स्थित गेरूवाला बंगला से आज श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 400 से 500 श्रद्धालु शामिल हुए। बैंड-बाजों और भजनों की धुन पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
यात्रा के दौरान करीब एक सैकड़ा महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर आगे चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते शामिल हुए।
कलश यात्रा दोपहर 12 बजे गेरूवाला बंगला से शुरू होकर थाटीपुर स्थित द्वारिकाधीश मंदिर पहुंची, जहां 29 अप्रैल तक संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से आए आचार्य पंडित भानू कृष्ण शास्त्री द्वारा किया जा रहा है, जबकि परीक्षित के रूप में पंडित रामेश्वर दयाल शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी विमलेश देवी शर्मा उपस्थित हैं। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।
मीडिया प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। आयोजन में बग्गी और बैंड-बाजों ने विशेष आकर्षण बढ़ाया।
आयोजकों द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरे मार्ग पर शांति और सुव्यवस्था बनी रही।