नीमच। भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने और जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब, नीमच द्वारा बहुआयामी कार्यक्रम का आयोजन सीआरपी रोड स्थित “इनरव्हील प्याऊ” पर किया गया।
क्लब अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत आमजन को मिट्टी के सकोरे निःशुल्क वितरित किए गए, ताकि लोग अपने घर-आंगन में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था कर सकें। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पक्षियों की सेवा का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में स्थापित “इनरव्हील प्याऊ” पर लगे वाटर कूलर के बिजली बिल का प्रायोजन डॉ. रेखा प्रधान एवं मधु खंडेलवाल द्वारा किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत कपड़े की थैलियों का वितरण कर लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वर्षभर क्लब की गतिविधियों को समाचारों में स्थान दिलाने हेतु पत्रकार अब्दुल ईरानी का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली रही, जिसके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पीडीसी संगीता जोशी, सचिव प्रेरणा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष हेमांगिनी त्रिवेदी, तृप्ति दुआ, हेमा गुप्ता, सरिता पाटीदार, रागिनी कालरा, अलका चड्ढ़ा, सिम्मी सलूजा, शारदा तौर सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।