नीमच। समीपवर्ती राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र के चौकड़ी गांव में 23 वर्षीय विवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका पायल (23) पति कालू सिंह उर्फ राजेंद्र सिंह, निवासी चौकड़ी, हाल ही में प्रसव के बाद अपने मायके आई हुई थी। उसका ससुराल रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र अंतर्गत धामनोद में है। वह पिछले तीन महीनों से अपने पीहर में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह अचानक पायल की तबीयत बिगड़ गई और उसे पेट व सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय, नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है और छोटी सादड़ी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।