नीमच। नीमच कैंट थाना क्षेत्र के डूंगलावदा गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रावण रूंडी निवासी सतीश मीणा (23) एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान डूंगलावदा फंटे के पास निर्माणाधीन सीसी रोड पर बिखरी गिट्टियों और कंकड़ों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में युवक सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह हादसा डूंगलावदा फंटे से भाटखेड़ा फंटे तक बन रही लगभग 106 करोड़ रुपये की सीसी रोड परियोजना के निर्माण स्थल पर हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो साइन बोर्ड लगाए गए हैं और न ही रेडियम संकेतक, जिससे रात के समय सड़क की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग भी खराब हालत में हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे पहले भी कई बाइक सवार यहां हादसे का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।