मनासा। पशु-पक्षी जीव दया समिति, मनासा द्वारा गौसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए अरावली गौशाला, अमेरी कुकड़ेश्वर में 251 फीट लंबी होदी (चारा एवं पानी पात्र) का निर्माण कराया गया।
इस सेवा कार्य का लोकार्पण शनिवार, 25 अप्रैल को समिति सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात होदी को गौमाता को समर्पित करते हुए गोवंश को तरबूज एवं हरी घास खिलाई गई।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी गौतम सेठिया, अक्षत मानावत, हर्षित कांठेड़, जितेंद्र सेठिया, रजत गांधी, प्रवीण बाफना, सुमित सेठिया एवं यश मानावत सहित गौशाला समिति के कैलाश राठौर, महावीर सिसोदिया, सोनू शास्त्री, मोहित मोदी सहित अन्य गोसेवक उपस्थित रहे।
समिति के इस सेवा कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है। यह पहल न केवल गौवंश के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करेगी, बल्कि समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रही है।