मंदसौर। जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहपुर गांव में शनिवार सुबह एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गोपाल कुमावत के घर के पास बने चद्दर शेड वाले किचन में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई।
बताया जा रहा है कि नगर की फायर ब्रिगेड वाहन मरम्मत के लिए बाहर होने के कारण समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस आगजनी में किचन में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।