रतलाम। शहर के शक्ति नगर क्षेत्र में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की क्षत्राणियों द्वारा सामाजिक समानता और महिला सम्मान की दिशा में एक अनूठी पहल की गई। विजय सिंह तंवर एवं महासभा की कार्यवाहक अध्यक्ष किरण तंवर के पुत्र कुंवर कुणाल सिंह तंवर के आकस्मिक निधन के बाद आयोजित पगड़ी रस्म में उनकी छोटी बहन पूर्वा तंवर को पगड़ी बंधवाई गई।
जानकारी के अनुसार, समाज के कुछ पदाधिकारियों के विरोध के बावजूद क्षत्राणियों ने आगे बढ़कर यह जिम्मेदारी निभाई, जिसकी व्यापक सराहना की जा रही है। इस पहल को महिलाओं के सम्मान एवं समान अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर संक्षिप्त उद्बोधन देते हुए मीनाक्षी राठौर, संतोष गोड़ एवं राजश्री राठौर ने कहा कि आज भी समाज में कई स्थानों पर महिलाओं को कमतर आंका जाता है, जबकि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं तलवार प्रशिक्षण से लेकर नेतृत्व तक हर जिम्मेदारी निभा रही हैं, फिर भी कई अवसरों पर उन्हें पीछे कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मीबाई सहित अनेक वीरांगनाओं ने शासन संभालकर समाज का नेतृत्व किया है। ऐसे में किसी बेटी को पगड़ी बंधवाना नई बात नहीं, बल्कि गौरवशाली परंपरा का पुनर्जागरण है।
क्षत्राणियों ने कहा कि यदि भविष्य में समाज में कहीं भी महिलाओं के साथ असहयोग हुआ, तो वे हर मोर्चे पर आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी।
कार्यक्रम में मीनाक्षी राठौर, संतोष गोड़, राजश्री राठौर, यामिनी चौहान, शीतल गेहलोत, पूजा पंवार, पूर्णिमा चौहान, सुमन राठौर, पूर्णिमा राठौर, वर्षा सिंह, श्वेता हाड़ा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।