नीमच। उपनगर बघाना स्थित शक्ति नगर में श्री शंखेश्वर पार्श्व पद्मावती धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव के दौरान भगवान महावीर स्वामी, पार्श्वनाथ एवं नाकोड़ा भैरव की प्रतिमाओं की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई।
महोत्सव के अंतिम दिन रविवार सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई, जो दोपहर तक जारी रहे। इस अवसर पर भव्य ध्वजा यात्रा निकाली गई, जिसमें जैन समाज के महिला-पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के समापन उपरांत ध्वजारोहण की रस्म संपन्न की गई।
धार्मिक क्रियाओं में समाजजनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी-
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के लिए समाजजनों ने उत्साहपूर्वक बोलियां लगाईं। इनमें ध्वजा चढ़ाने, भंडार भरने, प्राण प्रतिष्ठा, पट खोलने एवं प्रथम आरती की बोलियां प्रमुख रहीं। समाजजनों ने इन धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जैन संतों के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वरघोड़ा के साथ महोत्सव का समापन-
यह तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन 24 अप्रैल को प्रारंभ हुआ था। 25 अप्रैल को भव्य वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें बैंड-बाजों एवं भजनों की धुन पर समाजजन शामिल हुए। रविवार को प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही महोत्सव का सफल समापन हुआ। आयोजन को लेकर समाज में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।