नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपलोन में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मकान के पास बने चबूतरे से टकरा गया, जिससे ट्रॉली पलट गई और मिट्टी सड़क पर फैल गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर प्रतिदिन की तरह पोखरदा की ओर से पिपलोन होते हुए मनासा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान चालक रामलाल पिता मांगीलाल भील द्वारा तेज गति से वाहन चलाने के कारण ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर पिपलोन निवासी उदयराम माली के मकान के पास पहुंचा और वहां बने चबूतरे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर संतुलन खो बैठा और ट्रॉली मौके पर ही पलट गई। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर पहुंच गए। चालक ट्रैक्टर से खुद ही सुरक्षित बाहर निकल आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसे गंभीर चोट नहीं आई है, जबकि चबूतरे को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।