नीमच। जिले के जीरन क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मोटरसाइकिल के पहिए में गमछा फंसने से हुआ।

जानकारी के अनुसार सीमा पति कृष्णपाल, निवासी सोहनपुर थाना प्रतापगढ़, वर्तमान में अपने पीहर फोफलिया में रह रही थी। वह अपने भाई कारूलाल के साथ मोटरसाइकिल से जीरन बच्चे का इलाज कराने जा रही थी।

सुबह करीब 11 बजे हरवार और फोफलिया के बीच रास्ते में अचानक महिला के गले में डला गमछा बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। इससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल जीरन अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां से भी स्थिति नाजुक होने पर उसे उदयपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में शाम करीब 7 बजे उसकी मौत हो गई। रात में शव को वापस नीमच जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। मृतका अपने पीछे दो छोटे पुत्रों को छोड़ गई है। यह हादसा वाहन चलाते समय गमछा, दुपट्टा या ढीले कपड़ों के उपयोग में सावधानी बरतने की चेतावनी भी देता है।
