नीमच। शहर के रेलवे स्टेशन पर कुछ दिन पूर्व हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल अज्ञात वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। वृद्ध 8 अप्रैल से जिला अस्पताल में भर्ती था।

जानकारी के अनुसार करीब 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति नीमच रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन से उतरते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना नीमच की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका लगातार उपचार चल रहा था। हालत में सुधार नहीं होने पर बीती रात उसकी मौत हो गई। फिलहाल जीआरपी पुलिस मृतक की पहचान एवं परिजनों की तलाश में जुटी हुई है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल जीआरपी थाना नीमच को सूचित करें, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
