नीमच। पवित्र मोहिनी एकादशी के अवसर पर सोमवार को शहर के मंदिरों में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। विशेष रूप से श्याम मंदिर में यह पर्व श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया।
सुबह से ही गर्म हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए उमड़ पड़ीं। भक्तों ने व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की और फलाहार ग्रहण किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार मोहिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण कर देवताओं को अमृत प्रदान किया था। यह एकादशी पापों के नाश और मोक्ष प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करने वाली मानी जाती है।
मुख्य पुजारी पंडित गोपाल शर्मा ने बताया कि मंदिर में प्रातःकालीन आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। शाम को महाआरती एवं भव्य कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भगवान का आकर्षक शाही श्रृंगार विशेष फूलों से किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। साथ ही प्रसाद वितरण एवं सेवा कार्य भी निरंतर चलते रहे।
मोहिनी एकादशी के अवसर पर शहर में दिनभर आस्था और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।