नीमच। जिले के कृषि आदान, खाद, बीज एवं कीटनाशक व्यापारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।
नीमच जिला खाद-बीज एवं कृषि दवाई विक्रेता संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यह कार्यक्रम देशव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया गया, जिसमें कृषि आदान व्यापारी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहे।
ज्ञापन में व्यापारियों ने खाद पर जबरन लिंकिंग एवं टैगिंग पर रोक लगाने, उर्वरकों की फ्री ऑन रोड आपूर्ति सुनिश्चित करने, डीलर मार्जिन न्यूनतम 8 प्रतिशत करने तथा साथी (SATHI) पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की।
इसके अलावा एचटीबीटी बीज नीति स्पष्ट करने, एक्सपायर्ड कीटनाशकों की वापसी अनिवार्य करने तथा विक्रेताओं को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से राहत देने की मांग भी उठाई गई।
संघ पदाधिकारी पारस लसोड़ ने कहा कि वर्षों से इन समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन बंद करने को बाध्य होंगे।